Disha Bhoomi

Ghaziabad |  गाजियाबाद में बीच सड़क पर बर्थडे पार्टी के दौरान हुड़दंग मचाने वाले दो लड़कों को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार और अन्य आरोपियों को भी ट्रैस कर लिया है। उन्हें भी पकड़ने के लिए दो थानों की पुलिस टीमें लगी हैं।
क्या था मामला?
28 सेकेंड का एक वीडियो मोहित मेहता नाम के शख्स ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर शेयर किया। एलिवेटेड रोड के एक लेन पर करीब 10-12 लड़के खड़े हैं। रोड पर ही कई गाड़ियां खड़ी हैं। गाड़ियों के बोनट पर पांच केक रखे हैं। एक लड़का स्काई शॉट का बॉक्स हाथ में लिए हुए है और स्काई शॉट हवा में जाकर फट रहें हैं। गाड़ियों में तेज आवाज में म्यूजिक भी बज रहा है। इसी दौरान जश्न मना रहा एक लड़का बोनट पर रखे सारे केक हाथ से काट देता है। ऐसा देखते ही बाकी लड़के एक-दूसरे पर केक फेंकना शुरू कर देते हैं। कुल मिलाकर इस वीडियो में बर्थडे पार्टी के नाम पर जमकर हुड़दंग देखा जा सकता है। गाजियाबाद पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लिया और जांच-पड़ताल शुरू की।
एसपी बोले- युवा अपना भविष्य खराब न करें
गाजियाबाद के एसएसपी मुनीराज जी. ने कहा, एलिवेटेड रोड पर ये वीडियो इंदिरापुरम और साहिबाबाद थाना क्षेत्र के बीच का था। कुछ लड़के सड़क पर गाड़ी खड़ी करके बर्थडे सेलिब्रेट किया था।
एसएसपी ने कहा, जो लोग कानून हाथ में लेकर पब्लिक न्यूसेंस क्रिएट करते हैं, उनके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। गाजियाबाद पुलिस चेतावनी जारी करती है कि दोबारा ऐसी हरकत न करें। वरना सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और विधिक कार्रवाई करके ऐसे लोगों को सजा भी दिलवाई जाएगी। एसएसपी ने खासकर नवयुवकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस तरह की हरकत करके अपना भविष्य खराब न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *