Modinagar | मोदीनगर के कस्बा रोड स्थित सुभाष मण्डी में टेक्सटाइल की फैक्ट्री में गुरुवार देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। दमकल की पांच गाड़ियों ने दो घंटे के अंदर आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आकर करीब एक करोड़ से अधिक का सामान जलकर राख हो गया।
सुभाष मण्डी कॉलोनी निवासी हरेंद्र चौधरी की अजीत टेक्सटाइल के नाम से फैक्ट्री है। फैक्ट्री के ऊपर पर मकान बना रखा है। फैक्ट्री में कपड़ा बनाया जाता है। हरेंद्र चौधरी की पत्नी ज्ञानवती चौधरी पूर्व ब्लॉक प्रमुख हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे फैक्ट्री में काम खत्म हो गया। कुछ मजदूर फैक्ट्री के गेट पर खड़े और परिवार के लोग ऊपर घर के अंदर थे। इसी बीच एक मजदूर को फैक्ट्री के अंदर से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया।
धुआं निकलता देख परिजन घर के बाहर आ गए
धुआं निकलता देख मजदूर ने आग लगने की बात कहकर शोर मचाया। शोर सुनकर घर के अंदर के लोग तुरंत ने मकान से बाहर नीचे आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री के अंदर से आग की लपटें बाहर आनी शुरू हो गईं। लोगों के पुलिस व दमकल को आग लगने की सूचना दी।
पांच दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जमा भीड़ को हटाया। पहले दमकल की गाड़ी पहुंची, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद पांच गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल की पांच गाड़ियों के दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी भीषण आग
फैक्ट्री मालिक हरेंद्र चौधरी के पुत्र संदीप ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी है। उन्होंने बताया कि आग लगने से 80 लाख कीमत से अधिक का धागा, मशीन व फैक्ट्री परिसर में खड़ी कार जलकर राख हो गई है। उन्होंने बताया कि एक करोड़ से अधिक का सामान जला है। थाना प्रभारी ने बताया कि दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है।
Disha Bhoomi
