नई दिल्ली. ‘टीवी’ शब्द सुनते ही हम सब के दिमाग में कुछ न कुछ ऐसा आता है, जो हम सभी के लिए बहुत खास रहा है. 90 के दशक के ज्यादातर लोगों को टीवी से अलग ही प्रकार का लगाव है, क्योंकि हम सब टीवी देखकर ही तो बड़े हुए हैं. टीवी दशकों से एंटरटेनमेंट की दुनिया का बेताज बादशाह रहा है. आज भले एंटरटेनमेंट के कई सारे नए माध्यम आ गए हैं, लेकिन बावजूद इसके ज्यादातर मध्यम वर्गीय घरों में आज भी टीवी ही एंटरटेनमेंट का एक मात्र जरिया है. आज ‘वर्ल्ड टेलीविजन डे’ के अवसर पर टीवी की कई जानी-मानी हस्तियों ने टीवी से जुड़ी उनकी यादें साझा की हैं.
आुटलुक में प्रकाशित एक खबर के अनुसार, टीवी की मशहूर एक्ट्रेस नेहा जोशी ने टीवी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी. उसके बाद उन्होंने टीवी और फिर फिल्मों का रुख किया. लेकिन आज भी इस एक्ट्रेस के दिल में टीवी के लिए एक खास जगह है. नेहा के मुताबिक टीवी मनोरंजन का सबसे पसंदीदा माध्यम था और आगे भी बना रहेगा. नेहा जोशी ने उस समय को भी याद किया जब उनकी जिंदगी टीवी के इर्द-गिर्द ही घूमती थी. उन्होंने बताया कि कैसे वह जल्दी-जल्दी सारा काम खत्म कर अपने फेवरेट शो के शुरू होने से पहले टीवी के सामने आकर बैठ जाती थीं. बतौर एक कलाकार नेहा जोशी का मानना है कि टीवी पर हर दिन एक कलाकार को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होता है. उनके मुताबिक किसी भी एक्टर के लिए टीवी सबसे पहला प्लेटफार्म होता है. नेहा कहती हैं “मैं वर्ल्ड टेलीविजन डे पर कड़ी मेहनत जारी रखने और टेलीविजन के माध्यम से अपने प्रशंसकों तक पहुंचने का वादा करती हूं.”
दशकों तक टीवी पर राज कर चुकीं हिमानी शिवपुरी का मानना है कि एंटरटेनमेंट के नए-नए जरिए आने के बावजूद कुछ फैन्स अभी भी टीवी पर ही अपने फेवरेट शो को देखना पसंद करते हैं. हिमानी ने साझा किया कि कैसे उन्होंने उनके पति की मौत के बाद एक्टिंग से दूर होने का निर्णय लिया था, लेकिन उस वक्त टीवी ने ही उन्हें उनके जीवन के सबसे मुश्किल दौर से निकलने में मदद की थी. साथ ही हिमानी का मानना है कि टीवी कमाई का एक बेहतरीन माध्यम है.
7 सालों से ‘भाभी जी घर पर हैं’ में दिख रहे हैं आसिफ
‘भाभी जी घर पर हैं” से घर-घर में पहचान बनाने वाले आसिफ शेख ने 1984 में टीवी के जरिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. ‘वर्ल्ड टेलीविजन डे’ पर अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए आसिफ कहते हैं कि भले ही टीवी के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख कर लिया था लेकिन वह हमेशा टीवी के आभारी रहेंगे. टीवी की वजह से ही उन्हें ब्रेक मिला था. आसिफ 7 सालों से ‘भाभी जी घर पर हैं’ में नजर आ रहे हैं. उनके मुताबिक टीवी का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Aasif Sheikh, Entertainment news., Tv actresses
FIRST PUBLISHED : November 21, 2022, 18:42 IST
