Modinagar जीवनरक्षक दवाएं बीमारी तो कम कर रही हैं, लेकिन जेब पर भारी पड़ रही है। महंगी होती दवाओं के कारण आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। जीवनरक्षक दवाओं के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते अप्रैल माह से लगभग हर सप्ताह दवाओं की कीमत में बढ़ोतरी हुई है। पिछले पांच माह में 10 से 20 फीसद जीवनरक्षक दवाई महंगी हो गई है। मरीजों की रोजमर्रा की जरूरत में शामिल हो चुकी मुधमेह, बीपी, एंटीबायोटिक से लेकर अन्य जरूरी दवाओं की बढ़ती कीमत आम आदमी को परेशान किए हुए हैं।
मोदीनगर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में मधुमेह, हृदयरोग और रक्तचाप जैसी बीमारियों से बड़ी संख्या में लोग पीड़ित हैं। इन्हें स्वस्थ बने रहने के लिए नियमित दवा लेनी पड़ती है। ऐसे में हर सप्ताह इन दवाओं की कीमत में हो रही वृद्धि इलाज के साथ ही घर का बजट भी बिगाड़ रही है। सुचेतापुरी कॉलोनी निवासी दिनेश चौहान का कहना है कि वह बीपी के मरीज है। मार्च में दस गोली का पत्ता जो 150 रुपये का था वह अब 170 रुपये का मिल रहा है। मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि कच्चा माल महंगा होने के कारण दवाइयों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
मोदीनगर मैडीकल एसोसिएशन से जुड़े लेागों को कहना है कि जीवनरक्षक दवाओं के दाम हर सप्ताह बढ़ रहे हैं। इससे मरीजों के साथ मेडिकल स्टोर संचालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्राहक एक सप्ताह पहले के रेट का हवाला देकर बढ़े हुए दाम पर बहस करते हैं, आखिर इतनी जल्दी दवा के दाम कैसे बढ़ सकते हैं।
Disha Bhoomi
