Modinagar नया नूरगंज कॉलोनी में हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर हुए विवाद में घायल महिला की शनिवार को मौत हो गई। तीन जुलाई को घायल हुई महिला सन्नो (24वर्ष) को दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
नगर की नूरगंज कॉलोनी निवासी इकराम परिवार सहित रहते है। तीन जुलाई उनका पुत्र आसिफ कॉलोनी में लगे सरकारी हैंडपंप पर नहा रहा था। इसी बीच पडोसी महिला हैंडपंप पर पहुंच गई। पानी भरने को लेकर महिला का आसिफ विवाद हो गया। इसी बीच आसिफ की मां सन्नो भी आ गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढा कि पडोसी महिला व उसके पुत्रों ने महिला के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
पेचकस के किए थे सन्नों पर कई वार
विवाद इतना बढा कि आरोपियों ने पेचकस से वार कर महिला को गंभीर रुप से घायल कर दिया। लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालात गंभीर होने पर महिला को दिल्ली रेफर कर दिया गया। शनिवार दोपहर महिला सन्नो ने दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। रविवार सुबह के समय जब महिला का शव मुरादनगर पहुंचा तो परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
परिजनों ने हत्यारोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की
परिजनों की मांग थी कि आरोपियों को तुरन्त गिरफ्तार किया जाए। सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाप्रभारी सतीश कुमार ने परिजनों को कार्यवाई का आश्वासन देकर शांत किया। थानाप्रभारी ने बताया कि इस मामले में पहले एनसीआर दर्ज थी। तहरीर आने पर मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम करा दिया जाएगा। आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।