मोदीनगर। जलभराव की समस्या झेल रहे एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों ने शुक्रवार को मोदीनगर तहसील पर धरना प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि नाले की सफाई नहीं होने के कारण खेतों में अभी तक भी बारिश का पानी भरा हुआ है। जिस कारण हजारों बीघा फसल बर्बाद हो गई है। बताते चले कि 22 सितम्बर को हुई भारी बारिश के कारण गांव काकड़ा, ढिड़ार, खिमावती, सुल्तानपुर, बंदीपुर, कैथवाड़ी, सुरान, ग्यासपुर, सुराना, रावली, खैराजपुर, नेकपुर सहित दो दर्जन से अधिक गांवों के खेतों पानी भर गया। पानी की निकासी नहीं होने के कारण अभी तक भी खेतों में पानी भरा हुआ है। जिस कारण खेतों में खड़ी हजारों बीघा ईख, धान व ज्वार की फसल बर्बाद हो चुकी। एसडीएम आदित्य प्रजापति ने जांच की बात कहकर किसी तरह धरनारत लोगों को शांत किया।
