मोदीनगर। रविवार को भगवान गणेश मूर्ति विसर्जन के साथ ही नगर में कई किलोमीटर तक लंबा जाम रहा।
दूर दराज से अपने अपने वाहनों द्वारा मूर्ति विसर्जन के लिए मुरादनगर गंगनहर पहुंचने के कारण दिल्ली मेरठ पर जाम लगना शुरु हो गया। जाम के रहते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति का पुलिस प्रशासन को भानक होने के बाद भी दिल्ली मेरठ मार्ग पर अतिरिक्त फोर्स की व्यवस्था नहीं की गई ।
रविवार सुबह से ही मुरादनगर स्थित गंगनहर में गणेश मूर्ति विसर्जन शुरु हो गया था। नगर की गली मोहल्लों के साथ साथ गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन अपने सुसज्जित वाहनों में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के लिए निकलने शुरु हो गए थे। जिसके चलते हाइवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह दस बजे से शुरु हुआ जाम देर शाम तक जारी रहा। गणेश की मूर्ति विसर्जन पर जाम की स्थिति का पुलिस प्रशासन को भान होने के बाद भी दिल्ली मेरठ मार्ग पर अतिरिक्त फोर्स की व्यवस्था नहीं की गई। उधर, भगवान गणेश मूर्ति विसर्जन के साथ ही पिछले दस दिनों से मोदीनगर, मुरादनगर व ग्रामीण अंचल में चला आ रहा गणेश महोत्सव संपन्न हो गया। इसके शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
इस बार पूर्व की भांति मोदीनगर में गोविंदपुरी स्थित छठ मंदिर व मुरादनगर में गंगनहर के निकट मूर्ति विसर्जन के लिए अस्थाई तालाबों की व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन अपने अपने वाहनों से मुरादनगर पहुंचे और वंहा गंगनगर में भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया। इसके चलते गंगनगर पर सुबह से ही मेला जैसा दृश्य देखने को मिला। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे गणपति बाबा मोर्या के उद्घोष से वहां समस्त वातावरण गणपति मय हो गया। श्रद्धा के साथ श्रद्धालुजनों ने पर्यावरण को पहुंचने वाले नुकसान को दरकिनार किया । दिल्लचस्प बात यह रही की यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही।
