disha bhoomi

देश में कोरोना केस में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को देश में 13,079 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। यह आंकड़ा 24 फरवरी के बाद सबसे बड़ा है। तब 13,166 मामले दर्ज किए गए थे। इससे एक दिन पहले गुरुवार को 12, 847 केस मिले थे। 13 से 17 जून तक देश में 50 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। राजधानी दिल्ली में संक्रमण तेजी से बढ़ा है। यहां बीते दिन के मुकाबले 35% ज्यादा केस सामने आए हैं।
वहीं, मरने वालों की बात करें तो, बीते 24 घंटे देश में 23 लोगों की जान गई है। इससे पहले 9 जून को 24 लोगों की मौत कोरोनावायरस के चलते हुई थी। इसके साथ ही देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 66,701 हो गई है, यह आंकड़ा एक दिन पहले 61,738 था।
दिल्ली में नए मामलों में 35% का इजाफा
इस बीच राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 1,797 नए कोरोना केस मिले और एक मरीज की मौत हुई। इससे एक दिन पहले गुरुवार को यहां 1,323 और बुधवार को 1,375 केस मिले थे। इस लिहाज से देखें तो महज एक दिन में ही नए मामलों में 474 यानी 35% का इजाफा हुआ है। यहां एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 4,843 हो गई है, जो कि एक दिन पहले गुरुवार को 3,948 थी।
राजधानी दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 8.18% हो गया है, जो कि एक दिन पहले 6.69% था। यहां बीते दिन 901 लोगों ने कोरोना को मात दी। पिछले 24 घंटे में यहां 21,978 कोविड सैंपल की जांच की गई। 10 से 15 जून के बीच दिल्ली भर में 5,300 से अधिक चालान किए गए हैं और कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 26 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया जा चुका है।
महाराष्ट्र में देश के एक तिहाई नए मामले
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,165 नए मामले सामने आए हैं और 3 लोगों की मौत हुई है। यहां देश में सबसे अधिक को कोरोना के मामले दर्ज किए गए हैं। यहां एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 21,749 हो गई है। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 9.36% है।
केरल में सबसे अधिक 14.78% पॉजिटिविटी रेट
यहां पिछले 24 घंटे में 3,162 नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। वहीं, 12 लोगों ने जान गंवाई है। यहां एक्टिव केस की संख्या 19,473 है, जो कि देश में कुल एक्टिव केस का करीब एक तिहाई है। महामारी की शुरुआत से अब तक केरल में कुल 65.92 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 69,866 लोगों ने जान गंवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *