नई दिल्ली– सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) म्यूजिक इंडस्ट्री का ऐसा नाम हैं जिनकी आवाज के जादू से कोई बच नहीं पाया. सुनिधि चौहान की आवाज बच्चे-बड़े सबके दिलों में बसती है. इस सिंगर को 1996 में दूरदर्शन पर आने वाले म्यूजिक रियलिटी शो ‘मेरी आवाज सुनो’ से घर-घर पहचान मिली. इस सिंगर ने महज 13 साल की उम्र में म्यूजिक इंडस्ट्री में डेब्यू किया था और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक वह 2000 से ज्यादा गाने गा चुकी हैं. हिन्दी ही नहीं, सुनिधि चौहान मलयालम, पंजाबी, कन्नड़, बंगाली और भोजपुरी जैसी कई भाषाओं में भी गाने गा चुकी हैं.

सुनिधि चौहान आज भले ही अपनी आवाज से लोगों का दिल जीत लेती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक वक्त ऐसा भी था जब इस सिंगर का दिल बुरी तरह टूट चुका था. आज हम आपको बताने जा रहे हैं सुनिधि चौहान की पर्सनल लाइफ के बारे में. उत्तर प्रदेश की रहने वाली सुनिधि चौहान जब मुंबई पहुंची तो उनकी मुलाकात कोरियोग्राफर बॉबी खान (Bobby Khan) से हुई.

मजहब की दीवार लांघ की शादी
सुनिधि, बॉबी खान के इश्क में कुछ इस तरह गिरफ्तार हुईं कि फिर न उन्होंने मजहब की चिंता की और न ही अपने घरवालों की. इस सिंगर ने महज 18 साल की उम्र में अपने घरवालों के खिलाफ जाकर बॉबी खान से 2002 में शादी कर ली थी, लेकिन सुनिधि और बॉबी का ये रिश्ता ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाया और केवल एक ही साल में इन दोनों का तलाक हो गया.

घरवालों से हार गए बॉबी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनिधि चौहान और बॉबी खान आपस में काफी खुश थे, लेकिन दोनों के बीच में धर्म की दीवार होने की वजह से शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाई. दरअसल, सुनिधि चौहान की तरह ही बॉबी खान के घरवाले भी दोनों के रिश्तों के खिलाफ थे. जहां एक तरफ सुनिधि ने अपने घरवालों के खिलाफ जाकर शादी की तो वहीं बॉबी खान अपने परिवारवालों की जिद के सामने झुक गए.

अनु मलिक ने दिया सहारा
2003 में बॉबी खान के साथ तलाक होने के बाद सुनिधि चौहान बुरी तरह से टूट गई थीं. उस वक्त उनके पास न रहने को घर था और न ही पैसे थे, लेकिन वो कहते हैं न ऐसे वक्त में एक सच्चा दोस्त ही काम आता है. इस सिंगर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर में सुनिधि चौहान को उनके दोस्त अनु मलिक ने सहारा दिया.

Tags: Entertainment news., Sunidhi Chauhan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *