हाइलाइट्स
श्रद्धा वॉल्कर मर्डर केस पर छलका कंगना का दर्द.
आफताब पूनावाला ने श्रद्धा को मारकर कर दिए थे 35 टुकड़े.
मुंबई. श्रद्धा वॉल्कर (Shraddha Walkar) की हत्या और फिर उसके 35 टुकड़े करना अब भी लोगों को परेशान कर रहा है. प्यार के बदले में उसे इतना दर्द मिला कि वह अब सभी का दिल दुखा रहा है. बॉलीवुड सेलेब्स भी इस मर्डर केस के सामने आने के बाद आहत हैं. हाल ही श्रद्धा की 2020 की एक चिट्ठी सामने आई है, जिसके अनुसार उसने कहा था कि आफताब पूनावाला (Aftab Poonawalla) उसे मारकर टुकड़े कर देगा. इस चिट्ठी को पढ़ने के बाद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) का दिल भी रो पड़ा है. कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर श्रद्धा की चिट्ठी को शेयर करते हुए एक नोट लिखा है.
कंगना के नोट को पढ़कर लग रहा है कि वे इस मर्डर से काफी आहत हैं. श्रद्धा की चिट्ठी का फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, ‘यह वह चिट्ठी है, जो श्रद्धा ने 2020 में पुलिस से सहायता मांगते हुए लिखी थी. वह हमेशा उसे डराता था और टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी देता था. उसने लिखा है कि वह उसे ब्लैकमेल करता था लेकिन उसने ना जाने कैसे उसका ब्रेनवॉश कर दिया और अपने साथ दिल्ली ले गया. उसने उसे दुनिया से अलग कर दिया और काल्पनिक दुनिया में ले गया.’
उसके अंदर महिला का दिल था…
कंगना ने आगे लिखा, ‘हम सभी को पता है कि ‘शादी का वादा’ करके ऐसा किया गया. वह कमजोर नही थीं. वह एक लड़की थी, जिसका जन्म इस दुनिया में जीने के लिए हुआ था लेकिन बदकिस्मती से उसके अंदर एक महिला का दिल था, जिसकी स्वाभाविक प्रवृत्ति सुरक्षा करने और घाव भरने वाली होती है. महिला, हमारी धरती की ही तरह ऐसी कोख होती है, जो किसी में भेदभाव नहीं करती. वह उन सभी को अपनाती है, भले ही वह उस लायक हों या ना हों.’
(फोटो साभार: कंगना रनौत इंस्टाग्राम)
वह परिकथा में विश्वास करती थी
कंगना ने अपनी बात को बढ़ाते हुए आगे लिखा, ‘वह परिकथा में विश्वास करती थी. वह यह मानती थी कि दुनिया को उसका प्यार चाहिए. वह देवी थी जिसके पास घावों को भरने की शक्तियां थीं. वह कमजोर नहीं थी, वह एक लड़की थी जो परियों की कहानी में जीती थी. वह परिकथा में अपने हीरो के भीतर छिपे राक्षसों से लड़ने की कोशिश कर रही थी. हम सभी जानते हैं कि प्यार हमें अभिभूत कर देता है. वह राक्षसों को मारने के लिए बहुत आगे चली गई थी लेकिन हीरो चाहता था कि राक्षस जीतें और यही हुआ…’
कंगना का यह लम्बी पोस्ट बताती है कि इस केस को लेकर उनके अंदर काफी गुस्सा है और वे श्रद्धा की मानसिक स्थिति को समझने की कोशिश कर रह हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Kangna Ranaut, Shraddha walker
FIRST PUBLISHED : November 24, 2022, 08:17 IST
