नई दिल्ली. भारत की अध्यक्षता में आयोजित दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. इस जी20 समिट में भारत की मेजबानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व क्षमता की दुनिया भर के शीर्ष नेताओं ने तारीफ की. इस बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भारत की अध्यक्षता में संपन्न हुए जी20 शिखर सम्मेलन की उपलब्धियों को लेकर News18 इंडिया के साथ खास बातचीत की. यहां उन्होंने कहा कि जी20 सम्मेलन का सफल आयोजन भारत की बड़ी उपलब्धि है, जिसे लेकर दुनिया भर में भारत का डंका बज रहा है. इसके साथ ही उन्होंने कहा  कि अब वो ज़माना गया, जब भारत दूसरों की अगुवाई में काम करे.

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने इसके लिए जी-20 सम्मेलन में सर्वसम्मति से पारित डिक्लेरेशन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि ‘पीएम मोदी की कूटनीति दुनिया में एक नजीर (उदाहरण) बनी है, इतना सारे विवादास्पद होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी इस डिक्लेरेशन पर सहमति बनाने में कामयाब हुए.’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे वरिष्ठ राष्ट्राध्यक्ष हैं और सभी राष्ट्राध्यक्ष उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखते हैं.

ये भी पढ़ें-: दुनियाभर में बजा भारत का डंका, जानें जी20 सम्मेलन को लेकर विदेशी मीडिया में क्या कुछ छपा

News18 इंडिया के बातचीत में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘दुनिया भर में पीएम मोदी का कद और बढ़ा है. उनके कहने पर अफ़्रीकन यूनियन को जी-20 समूह में शामिल किया गया है.’ इसके साथ ही वह कहते हैं कि वो ज़माना अब गया जब भारत दूसरों की अगुवाई में काम करता था. उन्होंने कहा, ‘अब हमारा अधिकांश देश के साथ सहयोग है. रूस और अमेरिका के साथ सहयोग का सबसे अच्छा हिस्सा यह है कि अब हम कमतर नहीं रह गए हैं. अब हम समान साझीदार हैं और कई मायनों में हम समान से भी अधिक हैं.’

ये भी पढ़ें- जब राजनीतिक दुश्मनी भूल बिल्कुल दोस्तों की तरह मिले देशभर के नेता, जी20 डिनर में दिखा खुशगवार नजारा

वहीं भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप के बीच रेल एवं बंदरगाह कॉरिडोर बनाने को लेकर हुई घोषणा के महत्व को रेखांकित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि बंटवारे के बाद से जो मध्य पूर्व और यूरोप के लिए जमीनी रास्ते की जो हमारी तलाश थी, वह इस कॉरिडोर से पूरी होगी. उन्होंने कहा, ‘आने वाले समय में व्यापार का यह बड़ा रास्ता होगा.’

इस रेल एवं बंदरगाह कॉरिडोर को लेकर जितेंद्र सिंह कहते हैं, ‘भारत की ओर से यह जो पहल की गई है, उससे पूरे विश्व का लैंडस्केप बदलेगा. चीन द्वारा बनाए जा बेल्ट एंड रोड प्रोजक्ट के ऊपर भी एक रणनीतिक बढ़त मिला. इसके अलावा व्यापार बढ़ाने के लिए नए चैनल्स खुलेगा और यह कॉरिडोर एक गेम चेंजर साबित होगा.’

Tags: G20 News, India G20 Presidency, Jitendra Singh, Pm narendra modi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *