नई दिल्ली. दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भावुक नजर आए. यूपी के बहराइच स्थित कैसरगंज से बीजेपी सांसद बृजभूषण ने एक कविता के जरिये अपनी भावनाओं का इजहार किया है.
बृजभूषण सिंह ने एक वीडियो संदेश में एक कविता का अंश सुनाया, ‘जिस दिन जीवन के हानि लाभ पर उतरूंगा, जिस दिन संघर्षों में जाली लग जाएगी. जिस दिन जीवन की लाचारी मुझ पर तरस दिखाएगी, उस दिन जीवन से मृत्यु कहीं बढ़ जाएगी.’
कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष ने इसके साथ ही कहा, ‘मित्रों जिस दिन मैं अपने जीवन की समीक्षा करूंगा, क्या खोया क्या पाया. जिस दिन मैं महसूस करूंगा कि मेरे संघर्ष करने की क्षमता अब समाप्त हो गई है. जिस दिन मैं महसूस करूंगा मैं लाचार हूं, मैं बेचारा हूं. ऐसी जिंदगी जीना मैं पसंद नहीं करूंगा. मैं चाहूंगा कि ऐसी जिंदगी जीने के पहले मृत्यु मेरे करीब आ जाए.’
बता दें कि विनेश फोगट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया सहित भारत के शीर्ष पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है. उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे WFI अध्यक्ष की गिरफ्तारी नहीं होने तक वे धरना स्थल से नहीं जाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि डब्ल्यूएफआई प्रमुख अब बाहुबल का सहारा ले रहे हैं और धमकी तथा रिश्वत देकर ‘पीड़ितों’ को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- ‘लड़कियों को रात में बुलाया जाता…’ बृजभूषण सिंह के खिलाफ अब पहलवानों के फिजियो ने लगाए गंभीर आरोप
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों पर प्राथमिकी दर्ज न किए जाने का आरोप लगाने वाली सात महिला पहलवानों की याचिका पर दिल्ली सरकार तथा अन्य को नोटिस जारी किए तथा कहा कि ये ‘गंभीर आरोप’ हैं जिन पर विचार करने की आवश्यकता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Wrestler, Wrestling Federation of India
FIRST PUBLISHED : April 27, 2023, 11:43 IST
