नई दिल्ली- पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने अपनी बायोपिक की घोषणा कर एंटरटेनमेंट की दुनिया में हलचल मचा दी थी. इस क्रिकेटर ने अपने यूट्यूब चैनल पर फिल्म से जुड़ा एक पोस्टर शेयर करके अपनी बायोपिक की जानकारी दी थी. शोएब अख्तर के जीवन पर आधारित इस फिल्म का नाम ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस- रनिंग अगेंस्ट द ऑड्स’ है. इस फिल्म के ऐलान के बाद से ही फिल्म में लीड रोल अदा करने वाले कलाकारों के नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं. कई पाकिस्तानी कलाकारों के नाम सामने आ रहे थे जो इस पूर्व क्रिकेटर की बायोपिक में लीड रोल अदा कर सकते हैं, लेकिन अब फिल्म में कास्ट किए गए एक्टर के नाम पर से पर्दा उठा दिया गया है.
फिल्म ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस-रनिंग अगेंस्ट द ऑड्स’ में शोएब अख्तर के किरदार के लिए उमैर जसवाल (Umair Jaswal) को साइन किया गया है. हाल में, उमैर जसवाल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया था. इस पोस्टर में वह पाकिस्तान की जर्सी पहने दिख रहे हैं और उनकी जर्सी पर नंबर 14 लिखा हुआ है. उमैर जसवाल फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखते हैं, “इसे आप लोगों के साथ साझा करने के लिए बहुत उत्साहित हूं. ये मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ में जीते-जागते लीजेंड शोएब अख्तर का किरदार निभाने का मौका मिला है.”
उमैर जसवाल ने जैसे ही इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, वह सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए. सोशल मीडिया यूजर्स ने उमैर जसवाल के साथ-साथ शोएब अख्तर को भी ट्रोल करना शुरू कर दिया. कई यूजर ने उमैर की फिटनेस पर तंज कसते हुए कमेंट्स किए हैं. एक यूजर लिखते हैं, “मुझे जहां तक याद है शोएब अख्तर काफी पतले-दुबले थे. अब उमैर इस फिल्म में उनका किरदार निभा रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि वह इस फिल्म के लिए फिट हैं.”
आपके शहर से (दिल्ली-एनसीआर)
वहीं कुछ यूजर ने तो शोएब अख्तर पर ही सवाल खड़े कर दिए. एक यूजर लिखते हैं कि शोएब अख्तर ने आखिर ऐसा किया ही क्या है जो उनकी बायोपिक बन रही है. जहां एक तरफ कई लोगों ने इन दोनों को ट्रोल किया तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों ने इस एक्टर को फिल्म के लिए बधाई भी दी.
उमैर जसवाल को गायिकी से मिली है पहचान
बता दें, फिल्म में लीड रोल अदा करने वाले उमैर जसवाल पेशे से सिंगर और एक्टर हैं. वे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. उमैर जसवाल ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने ऑडियंस के बीच अपने गानों से एक अलग पहचान कायम की है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Entertainment news.
FIRST PUBLISHED : November 17, 2022, 22:10 IST
