मुंबई: विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) एक बार फिर विवादों में है. इसकी शुरुआत 53वें भारतीय इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFI) में जूरी हेड इजराइली फिल्ममेकर नादव लापिड (Nadav Lapid) के फिल्म को भद्दा और प्रोपागेंडा कहने से हुई है. शांतिपूर्ण चले फेस्टिवल में लापिड के बयान के बाद हंगामा मचा हुआ है. सोशल मीडिया पर इस बयान की जमकर निंदा की जा रही है. अनुपम खेर समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स लापिड के इस बयान की आलोचना कर रहे हैं. वहीं बॉलीवुड एक्टर रणवीर शौरी (Ranvir Shorey) ने भी लापिड को आड़े हाथ लिया.

रणवीर शौरी ने ट्विटर पर इजराइली फिल्ममेकर नादव लापिड के बयान पर ऐतराज जताते हुए लिखा, ‘फिल्म का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली भाषा एक फिल्म जूरी या क्रिटिक के लिए पूरी तरह अनुचित है. इससे राजनीति की बू आती है. सिनेमा हमेशा सच्चाई और बदलाव का अगुवा रहा है, न कि इसे दबाने या सूंघने वाला एजेंट. आईएफएफआई में राजनीतिक अवसरवाद का प्रदर्शन शर्मनाक है’.

ranvir shorey tweet

(साभार: Ranvir Shorey/twitter)

नादव के बयान पर हंगामा
गोवा में आयोजित 53वें भारतीय इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल  के क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान बोलते हुए जूरी हेड नादव लापिड ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर कहा कि ‘हमने फिल्म देखी, इसके बाद हम हैरान और परेशान हो गए. हमें ये फिल्म एक प्रोपेगेंडा पर आधारित और भद्दी कहानी वाली फिल्म लगी, जो इस तरह के प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल के कलात्मक प्रतिस्पर्धी वर्ग के लिए अनुपयुक्त है ’. इस बयान के बाद तो सोशल मीडिया पर आम और खास लोग जमकर रिएक्शन देते हुए निंदा कर रहे हैं.

बता दें कि विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ 90 के दशक में हुए कश्मीरी पंडितों के नरसंहार और विस्थापन की कहानी पर आधारित है. ये फिल्म जब रिलीज हुई थी, तब भी जमकर हंगामा हुआ था. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई भी की थी. इस फिल्म में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी लीड रोल में हैं.

Tags: Ranvir Shorey, The Kashmir Files

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *