मनामा. भारतीय फुटबॉल टीम (Indian Football Team) के 7 सदस्य वीजा मुद्दों के कारण बहरीन के खिलाफ बुधवार को होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में खेलने के लिए मुंबई से टीम के साथ यात्रा नहीं कर सके. ऐसी आशंका है कि वे मैच के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे. भारत की 25 सदस्यीय टीम में से 18 खिलाड़ियों के साथ मुख्य कोच इगोर स्टिमक (Igor Stimac) और सहयोगी स्टाफ सोमवार को मनामा पहुंच गए. राष्ट्रीय टीम को बुधवार को मेजबान बहरीन के खिलाफ और शनिवार को बेलारूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलने हैं.

गोलकीपर अमरिंदर सिंह, रक्षा-पंक्ति के खिलाड़ी चिंगलेनसाना सिंह एवं आकाश मिश्रा और मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा, ब्रैंडन फर्नांडीस, अनिकेत यादव तथा बिपिन सिंह सोमवार को अपने साथी खिलाड़ियों के साथ विमान में नहीं चढ़ सके क्योंकि उनकी वीजा मंजूरी समय पर नहीं आ सकी. कोच इगोर स्टिमक ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हमें अपनी यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. 7 खिलाड़ी (25 में से) मुंबई में रह गए हैं. हम अभी उनके वीजा की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, जिसके लिए हमने 2 महीने पहले आवेदन किया था.’

इसे भी देखें, कोच स्टिमक ने की सुनील छेत्री की तारीफ, बताया- 25 साल के खिलाड़ी वाली है एनर्जी

उन्होंने आगे कहा, ‘उम्मीद है कि उन्हें अनुमति (वीजा अनुमोदन) मिल जाएगी और वे सभी वहां (मुंबई) से उड़ान भरेंगे. फिलहाल बुधवार के मैच में उनकी मौजूदगी के बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं.’ इस बीच अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के एक सूत्र ने कहा कि 7 खिलाड़ियों का वीजा मंगलवार को ही आ गया और वे बुधवार को मनामा के लिए रवाना होंगे. उन्होंने कहा, ‘सभी खिलाड़ियों का वीजा आ गया है और वे बुधवार को उड़ान भरेंगे.’

स्टिमक से जब टीम की योजना के बारे में पूछे गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि मैं ऐसी स्थिति में क्या करूंगा. मुझे देखना होगा कि यहां मनामा में कितने खिलाड़ी उपलब्ध होते हैं. अगर ये 7 खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रहेंगे तब भी मैं उपलब्ध खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ एकादश को मैदान पर उतारूंगा.’

भारत ने अपने फुटबॉल इतिहास में बहरीन को कभी नहीं हराया है. टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1982 में गोलरहित ड्रॉ मैच रहा है. भारतीय टीम ने हालांकि 2019 में बहरीन को कड़ी टक्कर दी थी. उस समय टीम एशियाई कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाने के करीब थी लेकिन बहरीन ने स्टॉपेज टाइम में गोल करके जीत दर्ज की.

Tags: Football, Igor stimac, Indian football, Sports news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *