नई दिल्ली- प्रतीक बब्बर (Prateik Babbar) बॉलीवुड के बेहतरीन एक्टर्स में गिने जाते हैं. अब ये एक्टर अनदेखे अवतार के साथ बॉलीवुड में धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. प्रतीक बब्बर फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर की ‘इंडिया लॉकडाउन’ में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में उनका किरदार अब तक देखे गए इस एक्टर के सभी किरदारों से बिल्कुल ही अलग होने वाला है. अपनी आने वाली फिल्म को लेकर दिए गए एक इंटरव्यू में प्रतीक ने लॉकडाउन के बाद फिल्मों की दुर्दशा को लेकर बात की. उन्होंने इंटरव्यू के दौरान बताया कि लॉकडाउन के बाद से बकवास फिल्में भी थिएटर में कामयाब होती दिख रही हैं. हालांकि इस मामले में ओटीटी प्लेटफार्म का हाल काफी अच्छा है.
फिल्म ‘इंडिया लॉकडाउन’ में प्रतीक एक प्रवासी मजदूर का किरदार निभा रहे हैं. जो 2020 के दौरान भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के प्रकोप का सामना करता है और पैदल अपने घर लौटने के लिए मजबूर हो जाता है. इस फिल्म में प्रतीक बब्बर के साथ श्वेता बसु प्रसाद और अहाना कुमरा नजर आएंगे. इंटरव्यू के दौरान फिल्म की स्टार कास्ट के साथ मधुर भंडारकर भी मौजूद थे. बातचीत के दौरान श्वेता ने बताया कि कैसे दर्शक पोस्ट कोविड एरा में चीजों को अलग तरह से देखते हैं.
श्वेता बसु प्रसाद कहती हैं कि ऑडियंस के फिल्मों के चयन में बदलाव आया है. पहले जो फिल्में बॉक्स-ऑफिस पर अच्छा करती थीं, वह फिल्में अब बॉक्स-ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पा रही हैं. वह आगे कहती हैं शायद अब ये फिल्में ओटीटी पर चल जाएं. श्वेता के मुताबिक बॉक्स ऑफिस पर हिट होने वाली फिल्मों के पैसे कमाने के बावजूद उनकी रिकॉल वैल्यू नहीं है. वह कहती हैं “बेशक, फिल्मों को पैसा बनाना चाहिए और इंडस्ट्री में पैसा लाना चाहिए. मैं इससे खुश हूं. लेकिन, मुझे नहीं लगता कि उन फिल्मों की शेल्फ लाइफ होती है और यह भी ठीक है.”
चर्चा को आगे बढ़ाते हुए प्रतीक कहते हैं कि जरूर ऑडियंस का फिल्मों को लेकर पसंद बदली है. ये 50-50 का मामला है. मैं किसी फिल्म या एक्टर का नाम नहीं लेना चाहता हूं लेकिन आज कल बकवास से बकवास फिल्में भी बॉक्स-ऑफिस पर चल जा रही हैं.
साउथ की फिल्में जीत रही हैं ऑडियंस का दिल
इस विषय पर अपनी राय व्यक्त करते हुए मधुर भंडारकर कहते हैं कि लॉकडाउन के बाद से ऑडियंस को ओटीटी पर हर तरह के शोज देखने को मिले हैं. वह कहते हैं की साउथ की कई फिल्में जैसे ‘कांतारा’, ‘आरआरआर’, ‘कार्तिकेय’ और ‘पुष्पा’ ऑडियंस को थिएटर तक खींच लाने में कामयाब रही हैं, जबकि बॉलीवुड की केवल दो फिल्में ‘भूल भुलैया 2’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ ही ऐसा कर पाई हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Aahana Kumra, Entertainment news., Madhur bhandarkar, Prateik Babbar
FIRST PUBLISHED : November 19, 2022, 01:09 IST
