नई दिल्ली: नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 में मेन्स जेवलिन थ्रो (Javelin Throw Final) में ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने के लिए एथलीट नीरज चोपड़ा को बधाई दी है और उन्हें प्रतिभाशाली बताया है. बता दें कि 1983 में प्रतियोगिता शुरू होने के बाद से नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है.

नीरज चोपड़ा के गोल्ड जीतने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘प्रतिभाशाली नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का उदाहरण हैं. उनका समर्पण, सटीकता और जुनून उन्हें न केवल एथलेटिक्स में चैंपियन बनाता है बल्कि पूरे खेल जगत में अद्वितीय उत्कृष्टता का प्रतीक बनाता है. विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के लिए उन्हें बधाई.’

बता दें कि नीरज की ऐतिहासिक जीत से जहां उनके गांव खंडरा में खुशी का माहौल है वहीं, देश भर से लोग उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं. भारतीय सेना, कांग्रेस, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. भारतीय सेना ने सूबेदार नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में मेन्स जेवलिन थ्रो में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी.

‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, अभिनव बिंद्रा के बराबर पहुंचे, कभी मोटापे का उड़ाया जाता था मजाक

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन बॉय ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेन्स जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता जीती. पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है और यह क्षण भारतीय खेल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा.’

वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा को बधाई दी. कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स एकाउंट पर लिखा ‘गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर विश्व पटल पर तिरंगा लहरा दिया है. नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीत लिया है. देश का मान बढ़ाने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं.’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी जीत के बाद भारत के गोल्डन बॉय को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा ‘नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचा और उन्होंने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया! वह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेन्स जेवलिन थ्रो खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं! बधाई हो नीरज चोपड़ा.’

Tags: Neeraj Chopra, PM Modi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *