हाइलाइट्स
इससे पहले इन दोनों खिलाड़ियों के बीच रिकॉर्ड 3-3 से बराबर था
श्रीकांत ने पहले गेम में एंगस को कड़ी चुनौती दी, लेकिन वह जल्द ही पिछड़ गए
हांगकांग के खिलाड़ी ने पहले गेम के इंटरवल तक 11-8 से बढ़त बना ली थी
नई दिल्ली. पूर्व चैम्पियन किदांबी श्रीकांत (Kidambi Srikant) ने हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस (NG Ka Long Angus) की कड़ी चुनौती से पार पाकर मंगलवार को यहां डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में प्रवेश किया. श्रीकांत ने पांच साल पहले यहां खिताब जीता था.
विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत ने विश्व में 14वें नंबर के हांगकांग के खिलाड़ी को 56 मिनट तक चले मुकाबले में पहला सेट हारने के बाद जबर्दस्त वापसी करते हुए 17-21, 21-14, 21-12 से हरा दिया.
पहले गेम में कड़ी चुनौती के बाद हारे श्रीकांत
इससे पहले इन दोनों खिलाड़ियों के बीच रिकॉर्ड 3-3 से बराबर था. श्रीकांत ने एंगस को पहले गेम में शुरू में कड़ी चुनौती दी और वह जल्द ही पिछड़ गए. हांगकांग के खिलाड़ी ने पहले गेम के इंटरवल तक 11-8 से बढ़त हासिल कर रखी थी. एंगस ने इसके बाद भारतीय खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और पहला गेम अपने नाम कर लिया.
दूसरे गेम में श्रीकांत ने शुरू में बनाई बढ़त
दूसरे गेम में श्रीकांत ने शुरू में 6-3 से बढ़त हासिल की लेकिन एंगस ने जल्द ही वापसी करके 10-8 से बढ़त बना दी. श्रीकांत ने सही समय पर अपने खेल में सुधार किया और लगातार 8 अंक बनाकर 16-10 से बढ़त हासिल की. उन्होंने इसके बाद भी अच्छा प्रदर्शन किया और मैच को निर्णायक गेम तक खींच दिया.
श्रीकांत ने तीसरे गेम में शानदार शुरुआत की और इंटरवल तक वह 11-4 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी. इसके बाद उन्होंने कुछ शानदार शॉट जमा कर यह गेम और मैच अपने नाम कर लिया. श्रीकांत को दूसरे दौर में भी कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, यहां उनकी भिड़ंत सिंगापुर के 2021 के विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Denmark, Indian badminton player, Kidambi Srikanth, Sports news
FIRST PUBLISHED : October 18, 2022, 17:07 IST
