हीना रब्बानी खार- India TV Hindi


हीना रब्बानी खार

पाकिस्तान ने भारत पर देश में ‘‘आतंकवाद और अराजकता’’ फैलाने में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए इसे उजागर करने के लिए बुधवार को एक कूटनीतिक अभियान शुरू किया। विदेश सचिव असद मजीद ने इस्लामाबाद में विदेशी राजनयिकों के समक्ष यह आरोप लगाए जबकि विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी खार ने इस मुद्दे पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इससे एक दिन पहले, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने आरोप लगाया था कि भारत मुंबई हमले के मुख्य षड्यंत्रकारी हाफिज सईद के लाहौर स्थित आवास के बाहर पिछले साल हुए विस्फोट में शामिल था। 

भारत पर ‘‘आतंकवाद का इस्तेमाल’’ करने का आरोप लगाया

विदेश कार्यालय के अनुसार, मजीद ने पिछले साल 23 जून को लाहौर में सईद के आवास के बाहर हुए विस्फोट में भारत की कथित संलिप्तता का एक ‘डोजियर’ साझा किया। खार ने प्रेसवार्ता में भारत पर ‘‘आतंकवाद का इस्तेमाल’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कथित तौर पर पाकिस्तान की शांति और सुरक्षा को कमजोर करने के नई दिल्ली के प्रयासों पर ध्यान देने का आह्वान भी किया। खार ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में आतंकवाद फैलाने में भारतीय संलिप्तता के ‘‘निर्विवाद’’ साक्ष्य हैं। भारत पूर्व में पाकिस्तान के उन आरोपों को खारिज कर चुका है कि इस देश में हुए कुछ आतंकी हमलों के पीछे उसका (भारत) हाथ था।

भारत ने आतंकवाद के लिए 10 लाख डॉलर का वित्तपोषण किया – पाकिस्तान

सनाउल्लाह ने यह भी आरोप लगाया कि भारत प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का समर्थन कर रहा है। सीटीडी प्रमुख ने दावा किया, ‘‘हमें यह भी पता चला है कि पाकिस्तान में विभिन्न माध्यमों से आतंकवाद फैलाने के लिए भारत द्वारा करीब 10 लाख डॉलर का वित्तपोषण किया गया था।’’ कट्टरपंथी मौलवी हाफिज सईद (72) आतंकवाद के वित्तपोषण के मामलों में लाहौर की उच्च सुरक्षा वाली कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है। विस्फोट से अफवाह फैली थी कि सईद आवास में मौजूद था। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी सईद पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। आतंकी वित्तपोषण के पांच मामलों में वह 36 साल की सजा काट रहा है।

Latest World News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Around the world News in Hindi के लिए क्लिक करें विदेश सेक्‍शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *