अमीर बनने की ख्वाहिश कौन नहीं रखता. सब चाहते हैं कि वह रातों रात अमीर बन जाएं. कुछ लोगों के साथ ऐसा होता भी है. ऐसे ही लोगों में शुमार हो गए हैं 31 साल के अजय ओगुला‌. ऐसे तो अजय भारत से संयुक्त अरब अमीरात नौकरी करने गए थे और नौकरी कर भी रहे थे. यहां पर वह एक ज्वेलरी कंपनी में ड्राइवर का काम कर रहे थे. दरअसल, दक्षिण भारत के रहने वाले अजय बीते 4 सालों से यूएई के एक ज्वेलरी फर्म में बतौर ड्राइवर काम कर रहे थे. आज अजय रातों रात करोड़पति बन गए हैं. यह सब कुछ हुआ सिर्फ दो लॉटरी की टिकटों की वजह से.

कैसे बने करोड़पति

अजय ने अपने जीवन में पहली बार एमिरेट्स ड्रा EASY6 लॉटरी की दो टिकट ख़रीदीं और इनाम जीतने के बाद करोड़पति बन गए. आपको जानकर हैरानी होगी कि उन्हें इनाम में कुल 33 करोड़ रुपए मिले हैं.

बॉस के कहने पर खरीदी टिकट

एक न्यूज़ वेबसाइट से अजय बताते हैं कि उन्हें लॉटरी की टिकट खरीदने की सलाह उनके बॉस ने दी थी. अजय के बॉस ने उनसे कहा कि आप इधर-उधर पैसे बर्बाद करने की वजह कुछ बेहतर करें और कुछ समझ नहीं आ रहा है तो लॉटरी की टिकट खरीद लें. अजय ने अपने बॉस की बात मानी एमिरेट्स ड्रा मोबाइल ऐप इंस्टॉल किया और वहां से दो लॉटरी की टिकट खरीद लीं. आज वह करोड़पति हो गए हैं.

खोलेंगे एक कंपनी

अजय इतनी बड़ी जीती हुई रकम से अब एक कंपनी खोलने का विचार कर रहे हैं. इसके साथ ही वह चाहते हैं कि जब उनके पास इतना पैसा आ गया है तो वह गांव से अपने परिवार को भी दुबई बुला लें. अजय अपने गांव में एक आलीशान घर भी बनाना चाहते हैं. हालांकि, अगर आप ही अजय की तरह लॉटरी खरीदना चाहते हैं तो सावधान रहें क्योंकि इंटरनेट पर लॉटरी के नाम पर ढेर सारे स्कैम चल रहे हैं. अगर आप ऐसे किसी में फंस गए तो कुछ पैसा जीतेंगे तो नहीं… लेकिन अपना सब कुछ गंवा जरूर देंगे.

ये भी पढ़ें: जानवरों में होती ठंड से बचने की ये खास खूबी, कुछ के तो बदल जाते हैं रंग