Women Wrestlers Protest: भारतीय कुश्‍ती महासंघ (WFI) के अध्‍यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर एक बार फिर पहलवान धरने पर बैठ गए. दिल्‍ली पुलिस को लिखित में दी गई शिकायत के बावजूद भी 48 घंटे तक FIR दर्ज न होने से खफा पहलवान बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट सहित बड़े कुश्ती पहलवान जंतर-मंतर पहुंचे. जहां मीडिया से मुखातिब होते हुए महिला पहलवान खिलाड़ी विनेश फोगाट और साक्षी मलिक रो पड़ीं.

इस दौरान धरने पर बैठीं विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता विनेश ने कहा, ‘देश के खिलाड़ी बोल रहे हैं कि हमारा उत्‍पीड़न हुआ है, इस मामले में एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और जो आरोपी है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए क्‍योंकि हमारी लाइफ, हमारा गेम, हमारा परिवार सब कुछ दांव पर लगाकर हम यहां पर आए हैं.’

ये भी पढ़ें- महिला पहलवान यौन उत्‍पीड़न मामला: दिल्‍ली पुलिस ने FIR नहीं की दर्ज, अब स्‍वाति मालीवाल ने भेजा नोटिस

‘तीन महीने से हम इतने मेंटल टॉर्चर से गुजर रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि हमें इंसाफ मिले. ये महिला खिलाड़‍ियों के सम्‍मान की बात है. हमारी लड़कियां इंटरनेशनल लेवल पर ओलंपिक में मेडल्‍स लाती हैं, अगर इस देश में हम ही सुरक्षित नहीं हैं तो बाकी लड़कियों के भविष्‍य के बारे में हम क्‍या सोच सकते हैं.’


विनेश ने आगे कहा, ‘जिसके खिलाफ हम लड़ रहे हैं वह बहुत स्‍ट्रॉंग है. हमें नहीं पता कि कौन उसका साथ दे रहा है. हम देश की जनता और उच्‍च न्‍यायालय से न्‍याय मांगने आए हैं कि हमें न्‍याय दिया जाए. जब तक हमें न्‍याय नहीं मिलेगा, हम इधर ही रहेंगे, इधर ही सोएंगे. यहीं बैठे रहेंगे. तीन महीने से हम लोग कोशिश कर रहे हैं लेकिन न तो कमेटी और न ही खेल मंत्रालय की ओर से हमें कोई जवाब मिला है.’

साक्षी मलिक बोलीं, लड़ाई जारी रहेगी

वहीं रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने कहा, हम जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे. यह लड़ाई नहीं रुकेगी. लड़कियां (महिला पहलवान) समिति के सामने पेश हुई हैं, लेकिन रिपोर्ट नहीं आई है. महासंघ पहले की तरह चल रहा है, वह अपने राष्ट्रीय टूर्नामेंटों का आयोजन कर रहा है. क्या बदल गया है?

उन्होंने कहा, ‘जब हमने पहली बार विरोध किया तो हमसे जो वादे किए गए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया गया. दो दिन पहले एक नाबालिग समेत सात लड़कियों ने कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके बावजूद वे हमें गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रहे हैं. पता नहीं इस ढिलाई के पीछे कौन है, क्योंकि ऐसे संवेदनशील मुद्दों को तत्काल कार्रवाई होती है.’

ये भी पढ़ें- AIIMS: नौ साल के बच्‍चे ने दान किए 8 अंग, दो युवा मरीजों को लगे किडनी-लिवर, एक्‍सीडेंट में हुआ था ब्रेन डेड

Tags: Delhi news, Sakshi Malik, Vinesh phogat, Vinesh phogat ban

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *