हाइलाइट्स
झारखंड की अभिनेत्री ईशा आलिया की बंगाल में गोली मारकर हत्या.
परिवार संग रांची से कोलकाता जा रही थीं ईशा आलिया.
घटना बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल के हावड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर घटी.
रांची. झारखंड (Jharkhand) की क्षेत्रीय फिल्मों में काम करने वाली अभिनेत्री (Actress) 22 वर्षीय रिया कुमारी उर्फ ईशा आलिया (Isha Alya) की पश्चिम बंगाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल (West Bengal) के हावड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर घटी है. ईशा आलिया को कथित तौर पर झपटमारों (snatchers) ने गोली मारी है. ईशा अपने पति प्रकाश कुमार और तीन साल की पुत्री के साथ कार से रांची से कोलकाता जा रही थीं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने ईशा के पति की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने प्रकाश कुमार से भी पूछताछ की और घटना को रिक्रिएट करने के लिए उन्हें अपराध स्थल पर ले गए. एक पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि शिकायत के अनुसार, परिवार अपनी कार में कोलकाता की ओर जा रहा था. वे सुबह 6 बजे के आसपास एक सुनसान जगह पर रुके थे.
अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान झपटमारों ने उन पर हमला कर दिया. जब आलिया ने विरोध करने की कोशिश की, तो उसे प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी गई. शिकायतकर्ता के मुताबिक झपटमारों में तीन बदमाश शामिल थे. उन्होंने प्रकाश कुमार पर तब हमला किया जब वह टॉयलेट के लिए रुके थे और गाड़ी से नीचे उतरे थे.
प्रकाश कुमार ने कहा कि मेरी पत्नी बेटी के साथ कार में बैठी थीं. जब बदमाशों ने मेरा पर्स छीनने की कोशिश की तो मेरी पत्नी ने उतर कर विरोध करने की कोशिश की. इसके बाद उन्होंने उसे गोली मार दी. स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाका काफी सुनसान था इसलिए प्रकाश कुमार मदद मांगने के लिए करीब दो किलोमीटर नीचे गए. घटना के बाद आलिया को उलुबेरिया अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : December 28, 2022, 14:53 IST
