Home AROND US 4 साल से महिलाओं को बना रहा था निशाना, विरोध करने पर महिलाओं को गला दबाकर हत्या करने की धमकी

4 साल से महिलाओं को बना रहा था निशाना, विरोध करने पर महिलाओं को गला दबाकर हत्या करने की धमकी

0

ग्रेटर नोएडा में कई महिलाओं से दुष्कर्म के आरोपी ‘सीरियल रेपिस्ट’ (Serial Rapist) ने खुलासा किया है कि वह पिछले चार साल से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। वह विरोध करने पर महिलाओं को नाखूनों से नोंचने और गला दबाकर हत्या करने की धमकी देता था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।

सूरजपुर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात मुठभेड़ में पकड़े गए हमीरपुर निवासी हरिशंकर ने पहले भी कई महिलाओं को शिकार बनाया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अकेली महिला की गर्दन पकड़कर उसे झाड़ियों में खींच लेता था। महिला के शोर मचाने या विरोध करने पर उसे नाखूनों से नोंचने और गला दबाकर मारने की धमकी देता था। डर की वजह से महिला कुछ नहीं बोल पाती थी। वारदात के बाद महिला से उसका मोबाइल, नकदी और गहने लूटकर फरार हो जाता था। कई बार वह एक दिन में घटनाओं को भी अंजाम देता था।

 पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले 4 साल से ग्रेटर नोएडा में रह रहा था और घटनाएं कर रहा था। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आरोपी ने हमीरपुर स्थित अपने गांव में भी कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। हमीरपुर पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को धर दबोचा। अदालत ने उसको जेल भेज दिया है।

आरोपी की जमानत उसकी मां ने करवाई थी। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि 15 जून को आरोपी की बहन की शादी है। इसके चलते आरोपी की मां ने हमीरपुर से कुछ जमानती बुलवाए और बहन की शादी में हाथ बंटाने के लिए बेटे की जमानत करवाई, लेकिन आरोपी जेल से बाहर आते ही फिर से वारदात करने लगा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दो साल पहले एक गर्भवती महिला को शिकार बनाया था। वह उसका मोबाइल भी लूटकर ले गया था। घटनास्थल से कुछ दूर उसने दूसरी महिला को शिकार बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वहां मौजूद गार्ड की वजह से आरोपी महिला को छोड़कर फरार हो गया था। दोनों महिलाओं ने घटना की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार किया था।

यह आरोपी 17 फरवरी को जमानत पर जेल से छूट कर बाहर आया था। इसके बाद उसने फिर से महिलाओं को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया। 25 फरवरी को सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को निशाना बनाया। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी। पुलिस आरोपी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here