Modinagar मोदीनगर में गुस्साए बड़े भाई ने सिर पर डंडा मारकर छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है। आस पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। देर रात ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयोग होने वाला डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
साल भर से पत्नी से रहता था दूर
मामला मोदीनगर थाना क्षेत्र के गांव खिमावती का है। सुभाष (46) अपने पत्नी सरिता देवी व दो बच्चों के साथ रहता था। वह मजदूरी करके परिवार का लालन पालन करता था। काफी समय पहले सुभाष अपने परिवार के साथ ससुराल चला गया था। एक साल पहले ही सुभाष वापस अपने गांव खिमावती आ गया, लेकिन पत्नी व बच्चे अभी भी वहीं पर रह रहे हैं।
शराब पीने का आदी था सुभाष
सुभाष, अरविंद और कृष्णा कुमार एक ही घर में रहते थे। घर में पार्टीशन था। पिता मामचंद्र और माता का बहुत साल पहले ही निधन हो चुका है। कृष्णा कुमार (50) ने बताया कि, सुभाष शराब पीने का आदी था। बुधवार रात दस बजे के आसपास सुभाष शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने बड़े भाई अरविंद (52) को गंदी गालियां देने लगा। इस पर अरविंद नाराज हो गया। उसे गुस्सा आने लगा। गुस्साए अरविंद ने आव देखा न ताव, चारपाई के पास पड़ा डंडा उठाकर सुभाष के सिर पर मार दिया। चोट लगते ही सुभाष का सिर फट गया। वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया।
मौके से भाग गया था आरोपी
घर के सभी लोग सुभाष के पास इकट्ठा हो गए। इसी बीच अरविंद मौके से फरार हो गया। सुभाष को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर सुभाष को गाजियाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल जाते समय रास्ते हमें ही सुभाष की मौत हो गई। इसके बात पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस घर पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गैर इरादतन धारा के साथ मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई कृष्णा कुमार ने तहरीर दी है। देर रात पुलिस ने तत्परता दिखाई। घर से एक किलोमीटर दूर ढिड़ार पुलिया के पास से आरोपी अरविंद उर्फ इरविन को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। घटनास्थल से डंडा भी बरामद कर लिया गया। वहीं, आरोपी अरविंद ने बताया कि छोटा भाई शराब के नशे में गाली देने लगा था। मेरा इरादा उसे जान से मारने का नहीं था, लेकिन डंडे के हमले से उसकी मौत हो गई।