disha bhoomi
disha bhoomi

देश में रोजाना कोरोना के बढ़ते आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3939 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कोरोना के एक्टिव केस 19 हजार 748 हो गए हैं और कुल मामले बढ़कर 4 करोड़ 31 लाख 68 हजार 151 हो गए हैं। कोरोना से 10 मरीजों की मौत दर्ज गई है, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 5 लाख 24 हजार 651 हो गई है। फिलहाल कोरोना की संक्रमण दर 0.05% है, जबकि रिकवरी रेट 98.74% दर्ज किया गया है। डेली पॉजीटिविटी रेट 0.84% और वीकली पॉजीटिविटी रेट 0.67% दर्ज किया गया।
दिल्ली में कोरोना से दो मौतें
दिल्ली में गुरुवार को 373 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 2 मरीजों की मौत हुई है। इसके बाद दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या 1490 हो गई है और मरने वालों की कुल संख्या 26 हजार 212 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 448 लोग ठीक होकर अपने घर गए हैं।
सोनिया गांधी कोरोना पॉजिटिव हुई
गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। लेकिन 8 जून को नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होंगी। ये जानकारी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट के माध्यम से दी। फिलहाल सोनिया गांधी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
सुरजेवाला ने जानकारी दी कि सोनिया गांधी पिछले सप्ताह नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी, जिसमें काफी लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी कोरोना पॉजिटिव हैं।
केरल में मामलों की बढ़ोत्तरी
केरल में लगातार कोरोना के नए केस बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में 1370 नए केस मिले हैं, जिसके बाद एक्टिव केस 6129 हो गए हैं। गुरुवार को 6 मौतें दर्ज की गई है, जिसके बाद कोरोना से कुल मौतें 69 हजार 753 पहुंच गई हैं। केरल में 15 हजार 518 टेस्ट किए गए।
महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन केस 1 हजार पार
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में कोरोना के 1045 नए केस सामने आए हैं, तीन महीने बाद लगातार दूसरे दिन केस एक हजार के पार हो गए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से 1 मरीज की मौत हुई है, जिसके बाद कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 1 लाख 47 हजार 861 हो गई है। कोरोना के एक्टिव केस 4 हजार 559 हैं और 517 लोग ठीक होकर अपने घर गए हैं। महाराष्ट्र में 26 हजार 548 टेस्ट किए गए।
मास्क लगाना अनिवार्य करना होगा
महाराष्ट्र में कोविड ​​​​-19 मामलों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए, राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने गुरुवार को कहा कि अगर कोरोना मामले में उछाल जारी रहता है तो फेस मास्क का उपयोग अनिवार्य करना होगा। पवार ने ये बात एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए कही।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में घट रहे मामले
मध्यप्रदेश में कोरोना के 25 नए केस सामने आए हैं एक्टिव केस 274 हो गए हैं। कोरोना के कुल केस 10 लाख 42 हजार 643 हो गए हैं। राज्य में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है, कोरोना से मरने वालों की संख्या 10,736 पर ही बनी हुई है। राज्य में कोरोना के 7407 टेस्ट किए गए।
राजस्थान में गुरुवार को 60 नए केस सामने आए हैं, एक भी मौत नहीं हुई है। इसके बाद कोरोना के एक्टिव केस 513 हो गए हैं और कुल मामले 12 लाख 85 हजार 889 हो गए हैं। राज्य में गुरुवार को 6383 टेस्ट किए गए।
कर्नाटक हेल्थ मिनिस्टर कोरोना पॉजिटिव
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल से साझा की है। फिलहाल उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। डॉ. सुधाकर ने कहा- ‘आखिरकार तीनों लहर से बचने के बाद मैं कोरोना पॉजिटिव हो ही गया’।
डॉ. सुधाकर को हल्के लक्षण मिले हैं, उन्होंने कहा कि मैं खुद को अलग कर लूंगा और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करूंगा। ये अच्छी बात है मैं फुली वैक्सीनेटेड हूं।
5 साल से कम उम्र के बच्चों को मिल सकती है वैक्सीन
व्हाइट हाउस एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए COVID-19 की पहली डोज 21 जून से मिल सकती है। व्हाइट हाउस COVID-19 के कोआर्डिनेटर आशीष झा ने वैक्सीन की डोज प्राप्त करने के लिए अंतिम शेष अपात्र आयु वर्ग के लिए प्रशासन की योजना को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सलाहकारों का बाहरी पैनल 14-15 जून को छोटे बच्चों के लिए फाइजर और मॉडर्न डोज के मूल्यांकन करने के लिए बैठक करेगा। FDA की ओर से मंजूरी मिलने के बाद तुरंत ही अस्पतालों और बाल चिकित्सा देखभाल केंद्रों को टीके की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here