• जीडीए द्वारा पूर्व में ध्वस्त कराया था निर्माण, फिर भी शुरू किया कार्य

मोदीनगर मोदीनगर में अवैध तरीके से कालोनी शुरू करने का सिलसिला नहीं थम रहा है। कालोनाइजरों में जीडीए अधिकारियों का खौफ नहीं है। वे मनमाने तरीके से बिना जीडीए से मानचित्र पास कराए कालोनी शुरू कर रहे हैं। जीडीए की तरफ से ऐसे ही तीन कालोनाइजरों के खिलाफ मोदीनगर थाने में केस दर्ज कराया गया है। गदाना में आरोपितों ने कालोनी शुरू की थी। जीडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की। इसके बावजूद आरोपितों ने फिर से यहां निर्माण कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई है। हापुड़ रोड स्थित गांव गदाना में गदाना के ही कृष्णपाल पुत्र निरंजन, पंकज पुत्र विजयपाल और अशोक पुत्र जयपाल ने कालोनी शुरू की थी। यह कालोनी बिना जीडीए की अनुमति के शुरू की गई। ना तो जमीन का स्वरूप बदला गया और ना ही जीडीए से मानचित्र पास कराया गया। लोगों को झांसे में लेकर प्लाट भी बेच दिये गए। इस बारे में जब जीडीए अधिकारियोें को सूचना मिली तो यहां ध्वस्तीकरण कर दिया गया। लेकिन आरोपित तब भी बाज नहीं आए। उन्होंने अब फिर से निर्माण शुरू कर दिया। जबकि जीडीए के अधिकारी यहां नोटिस चस्पा कर गए थे। मामले में अब जीडीए के अवर अभियंता सचिन अग्रवाल ने थाने में शिकायत दी। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि कृष्णपाल, पंकज और अशोक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द इनकी गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *